रविवार, 4 अक्टूबर 2026

लखनऊ :आराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष, इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की कमान।||Lucknow:Aradhna Mishra 'Mona' becomes the new president of the UP Congress, with Imran Masood taking over as acting president.||

शेयर करें:
लखनऊ :
आराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष, इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की कमान।
दो टूक : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं लोकसभा सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। संगठन में फेरबदल के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी की लड़ाई अभी जारी है।
विस्तार : 
कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी है। वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। उनके साथ लोकसभा सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए केवल पद नहीं बल्कि कांग्रेस की विचारधारा, संविधान के मूल्यों और सामाजिक न्याय के संकल्प को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है।
मोना ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने अपने रामपुर खास क्षेत्र की जनता के प्रति भी आभार जताते हुए कहा कि बाबा घुइसरनाथ के आशीर्वाद से सभी मिलकर कांग्रेस संगठन को मजबूत करेंगे और जनता की आवाज को पूरी ताकत से आगे बढ़ाएंगे।
2027 के चुनाव और गठबंधन पर भी बोलीं मोना
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव सामने है और गठबंधन धर्म भी निभाना है। उन्होंने भरोसा जताया कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन, पार्टी कार्यकर्ताओं, नौजवानों और युवाओं को साथ लेकर कांग्रेस इस चुनौती का सामना करेगी।
●पूर्व अध्यक्ष अजय राय बोले—लड़ाई अभी जारी है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के वे जीवनभर आभारी रहेंगे। अजय राय ने लिखा कि लड़ाई अभी जारी है और पार्टी नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने अपने संदेश का समापन “हम लड़ेंगे, हम जीतेंगे! हर-हर महादेव!” के साथ किया।