गौतमबुद्धनगर: IIMT कॉलेज गेट पर छात्र और सिक्योरिटी सुपरवाइजर में भिड़ंत, मारपीट का वीडियो वायरल; पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित IIMT कॉलेज गेट नंबर-2 पर छात्र और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक छात्र के साथ हाथापाई होती दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पोस्ट में कॉलेज के सुरक्षा कर्मियों पर छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।
वायरल पोस्ट के जरिए नोएडा पुलिस, गौतमबुद्ध नगर प्रशासन, शिक्षा मंत्रालय और AKTU समेत संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई। वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों की सुरक्षा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट की है। पुलिस के अनुसार, यह प्रकरण 30 सितंबर 2026 को थाना नॉलेज पार्क क्षेत्रांतर्गत IIMT कॉलेज के गेट नंबर-2 पर हुआ था। पुलिस के मुताबिक, कॉलेज के सिक्योरिटी सुपरवाइजर और एक सस्पेंड छात्र के बीच कॉलेज में एंट्री को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई की स्थिति बनी।
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना की पूरी परिस्थितियां और विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, यह पुलिस की जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल मामला कॉलेज गेट पर प्रवेश को लेकर हुए विवाद और उसके बाद हुई मारपीट से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में किसकी क्या भूमिका रही और विवाद के लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।।
