गौतमबुद्धनगर: नोएडा में राह चलते लोगों से मोबाइल झपटने वाले दो शातिर गिरफ्तार, स्नेचिंग का मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और स्नेचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से स्नेचिंग किया गया एक मोबाइल फोन, 2,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर दिल्ली-एनसीआर में राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे और छीने गए मोबाइल फोन को सस्ते दामों में बेचकर अवैध कमाई करते थे।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-113 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को एफएनजी सर्विस रोड, सेक्टर-122 नोएडा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन दुबे पुत्र राधेश्याम दुबे, निवासी ग्राम मुजफ्फरपुर, थाना सहायगंज, जौनपुर, वर्तमान निवासी सर्फाबाद, सेक्टर-73 नोएडा, उम्र करीब 20 वर्ष और कृष्ण हलदर पुत्र नरोत्तम हलदर, निवासी ग्राम व थाना गंगा रामपुर, दक्षिण दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल, वर्तमान निवासी सर्फाबाद, सेक्टर-73 नोएडा, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है।
मोटरसाइकिल से करते थे मोबाइल स्नेचिंग
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन स्नेचिंग करते थे। इसके बाद छीने गए मोबाइल फोन को अंजान लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे। इससे मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बांटकर अपने व्यक्तिगत खर्च और शौक-मौज में इस्तेमाल करते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बरामद मोबाइल फोन के संबंध में बताया कि उन्होंने इसे आम्रपाली जोडियाक के सामने से छीना था।
मोबाइल, नकदी और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नेचिंग का एक मोबाइल फोन, 2,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल संख्या UP16FH0659 बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें मु0अ0सं0 418/2026 धारा 304(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 434/2026 धारा 304(2), 317(2) बीएनएस शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और उनके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।।
