अम्बेडकरनगर :
नवरात्रि पर रामलीला मंचन की तैयारियां तेज, मुकुट पूजन के साथ होगा शुभारंभ।
●जलालपुर में विभिन्न रामलीला समितियां पूजन-अर्चन के बाद शुरू करेंगी रामकथा और रामलीला मंचन
।। ए.के. चतुर्वेदी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जिले की जलालपुर तहसील में नवरात्रि के पावन अवसर पर रामलीला मंचन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नगर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर उत्साह का माहौल है। विभिन्न रामलीला समितियां विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगी।
दो टूक : श्री रामलीला सेवा समिति के अध्यक्ष संजीव मिश्र की अध्यक्षता में रविवार रात सात बजे मुकुट पूजन के बाद रामलीला मंचन का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमएलसी डॉ. हरिओम पांडे शामिल होंगे। समिति के मीडिया प्रभारी विकास निषाद ने बताया कि संरक्षकों, अध्यक्ष एवं सदस्यों की मौजूदगी में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ रामलीला की शुरुआत होगी।
विस्तार : जलालपुर में अन्य रामलीला समितियां भी धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आयोजन की शुरुआत करेंगी। श्री रामलीला समिति की ओर से धर्मशाला परिसर में अध्यक्ष सुरेंद्र सोनी की अध्यक्षता में पूजन किया जाएगा। वहीं, श्री सांस्कृतिक रामलीला समिति के अध्यक्ष संदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में पूजन-अर्चन के उपरांत श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा।
नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाली रामलीला धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। रामलीला के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। आयोजकों को उम्मीद है कि इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धार्मिक उत्सव का हिस्सा बनेंगे।
