लखनऊ :
रुपयों से भरा बैग लेकर चोर हुआ फरार,घटना के 19 दिन बाद केस दर्ज।।
दो टूक : लखनऊ के थानों आलमबाग इलाके के गढ़ी कनौरा स्थित एक साइकिल फैक्ट्री से अज्ञात चोर रुपयों से भरा बैग चोरी कर फरार हो गया । फैक्ट्री मालिक की तहरीर पर घटना के 19 दिन बाद मंगलवार शाम मुकदमा दर्ज कर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है ।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार नाका थाना क्षेत्र के अमीरनगर निवासी सचेत ग्रोवर पुत्र सूरज प्रकाश ग्रोवर के अनुसार आलमबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ी कनौरा के हरचंदपुर में उनकी फैक्ट्री है, जहां बच्चों की साइकिल बनाने का काम होता है । बीते 10 सितंबर की दोपहर करीब 12 से 1 बजे के मध्य एक अज्ञात व्यक्ति उनका रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया । बैग में 80 हजार रुपये की नगदी समेत आधार कार्ड, पैन कार्ड व हस्ताक्षरयुक्त ड्राइविंग लाइसेंस की फोटोकॉपी और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे । पीड़ित ने घटना की शिकायत स्थानीय आलमबाग थाने में दी थी । पीड़ित की तहरीर पर घटना के 19 दिन बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस अग्रिम कार्यवाही में जुटी है ।
प्रभारी निरीक्षक आलमबाग बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जांच के उपरांत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है ।
