सोमवार, 21 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर:UPITS-2026 की तैयारियों पर सीएम योगी की पैनी नजर, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; कलराज मिश्र के आवास पहुंचकर स्व. सत्यवती मिश्रा को दी श्रद्धांजलि!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:UPITS-2026 की तैयारियों पर सीएम योगी की पैनी नजर, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; कलराज मिश्र के आवास पहुंचकर स्व. सत्यवती मिश्रा को दी श्रद्धांजलि!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा/नोएडा, 20 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में आगामी उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UPITS-2026) की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, विदेशी मेहमानों की सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और विभागीय समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की समृद्ध परंपरा, हुनर, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक क्षमता को वैश्विक मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके माध्यम से ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे अभियानों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो युवाओं को प्रत्यक्ष अनुभव, उद्यमिता और नए व्यावसायिक अवसरों से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।

छह देशों की भागीदारी, 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की संभावना

UPITS-2026 के चौथे संस्करण में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस सहित छह प्रमुख भागीदार देशों की सक्रिय भागीदारी होगी। इन देशों के प्रतिनिधिमंडल प्रीमियम फोयर पवेलियन, द्विपक्षीय व्यावसायिक सत्र और बी2बी बैठकों में हिस्सा लेंगे। करीब 72 देशों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के आयोजन में पहुंचने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के लिए बेहतर आवास व्यवस्था, भागीदार देशों के उच्चायुक्तों के लिए लायजन ऑफिसर की नियुक्ति तथा विदेशी मेहमानों की सहायता के लिए गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और तकनीकी विश्वविद्यालयों के छात्रों को स्वयंसेवक के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से जोड़ने तथा उद्योग जगत और व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ अतिरिक्त बैठकों की व्यवस्था करने को कहा। नॉलेज और टेक्निकल सेशन को प्रभावी बनाने के साथ इनमें संबंधित विभागों के मंत्री एवं प्रमुख सचिवों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

अवध, बुंदेलखंड और ब्रज की संस्कृति भी दिखेगी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के साथ-साथ अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्रों की भी व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। आयोजन में करीब 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के स्लॉट तैयार किए गए हैं, जिनमें कथक, पखावज और सितार वादन, भोजपुरी एवं आल्हा लोक गायन, राई और थारू जनजातीय नृत्य तथा स्टार म्यूजिकल नाइट्स प्रमुख आकर्षण होंगे।

यातायात और सुरक्षा पर विशेष फोकस

संभावित भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता, भोजन, पेयजल और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल को स्वच्छ, व्यवस्थित और प्लास्टिक-मुक्त रखने के साथ प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने को कहा गया है।

सभी सरकारी विभागों को 23 सितंबर तक अपने स्टॉल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन स्थल और आसपास पर्याप्त होर्डिंग, पोस्टर और दिशा-सूचक बोर्ड लगाने तथा बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी के लिए टेलीकॉम कंपनियों के साथ समन्वय करने को भी कहा गया है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने मुख्यमंत्री को UPITS-2026 की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों की समीक्षा की गई है। प्रवेश और निकास बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल, फ्रिस्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। पार्किंग, मार्ग प्रबंधन और यातायात संचालन के लिए संबंधित टीमों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।

आयोजन स्थल और पार्किंग क्षेत्रों के बीच आगंतुकों की सुविधा के लिए 500 से अधिक ईवी शटल बसों की व्यवस्था की गई है। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और वीवीआईपी के लिए नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष UPITS सुविधा काउंटर भी संचालित किया जा रहा है।

युवाओं के लिए रील चैलेंज और यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता

ट्रेड शो को युवाओं से जोड़ने के लिए डिजिटल रील चैलेंज, यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और विशेष क्विज जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय समेत अन्य शिक्षण संस्थानों के युवा स्वयंसेवक खरीदारों, प्रदर्शकों और मेहमानों की सहायता के लिए तैनात रहेंगे।

आयोजन के प्रचार के लिए एनएमआरसी मेट्रो, शहर की बसों, मल्टीप्लेक्स स्क्रीन, रेडियो और डिजिटल माध्यमों पर अभियान चलाया जा रहा है। मेटा प्लेटफॉर्म पर प्रचार अभियान को अब तक 1.3 करोड़ से अधिक वीडियो व्यूज मिलने की जानकारी दी गई।

36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक

UPITS-2026 में उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्रों की व्यापक झलक देखने को मिलेगी। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP), वन डिस्ट्रिक्ट वन क्राफ्ट, सीएम युवा, एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, रक्षा एवं एयरोस्पेस, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल एवं ईवी, फार्मा एवं हेल्थकेयर, टेक्सटाइल एवं हथकरघा, वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट तथा पर्यटन एवं संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों को प्रमुखता दी जाएगी।

आयोजन के लिए भूतल और द्वितीय तल पर 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक हो चुका है और औद्योगिक विकास प्राधिकरणों तथा कॉरपोरेट संस्थाओं के लिए ले-आउट को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

कलराज मिश्र के आवास पहुंचे मुख्यमंत्री, स्व. सत्यवती मिश्रा को दी श्रद्धांजलि

UPITS-2026 की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा स्थित राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने उनकी पत्नी स्वर्गीय सत्यवती मिश्रा के निधन पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह, राज्यमंत्री एमएसएमई हंसराज विश्वकर्मा, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास दीपक कुमार, आयुक्त अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार, एडीजी मेरठ जोन भानू भास्कर, मंडलायुक्त मेरठ भानू चंद्र गोस्वामी सहित प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।।