गोंडा- बेसहारा एवं छुट्टा गौवंशों की सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षा तथा रात्रि के समय उनकी दृश्यता बढ़ाने के उद्देश्य से जगत गौ सेवा कल्याणकारी संस्थान द्वारा “गौ प्रहरी अभियान – सेवा भी, सुरक्षा भी” के तहत विशेष अभियान बीती रात में चलाया गया। इटियाथोक बाजार में गोंडा बलरामपुर रोड व बाबागंज रोड पर चले इस अभियान के दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं ने देर रात सड़कों एवं आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे गौवंशों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उनके गले में रेडियम बेल्ट लगाए। बताया गया कि यह बेल्ट वाहन की रोशनी पड़ने पर चमकती है, जिससे अंधेरे में सड़क पर मौजूद गौवंश दूर से दिखाई देने में मदद मिलती है और संभावित दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने का प्रयास किया जाता है।
संस्था अध्यक्ष युगांक उमंग मिश्रा ने कहा कि सड़क पर बेसहारा गौवंशों की सुरक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। “गौ प्रहरी अभियान” के माध्यम से संस्था का उद्देश्य गौसेवा को सुरक्षा और जन-जागरूकता से जोड़ना है। संस्था की ओर से आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की गई कि रात्रि में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और सड़क पर मौजूद गौवंशों को देखकर गति नियंत्रित करें। साथ ही समाज के अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़कर गौवंशों की सुरक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर रंजीत दुबे, रोहित कुमार, राजन सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
