सोमवार, 21 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: गांजा तस्करी पर फेस-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.1 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: गांजा तस्करी पर फेस-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.1 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेस-2 पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया है। दोनों आरोपी गांजा खरीदकर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में नशे के आदी लोगों को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस ने स्थानीय इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सर्विस रोड, गेझा, सेक्टर-93 के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देववीर कुमार पुत्र मनोहर राय और मंजेश कुमार पुत्र स्वर्गीय लाल बाबू के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान देववीर कुमार के कब्जे से 4 किलो 100 ग्राम तथा मंजेश कुमार के कब्जे से 2 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कानपुर समेत अन्य स्थानों से गांजा सस्ते दामों पर खरीदकर दिल्ली-एनसीआर में नशे के आदी लोगों को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे। गांजा बेचकर मिलने वाली रकम को दोनों अपने व्यक्तिगत खर्च और शौक-मौज में इस्तेमाल करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में देववीर कुमार (28 वर्ष) मूल रूप से ग्राम सिकन्दरा, थाना बाड़, पटना, बिहार का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी मंजेश कुमार (20 वर्ष) ग्राम सुभई, थाना हाजीपुर, वैशाली, बिहार का निवासी है।

थाना फेस-2 पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 430/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।।