सोमवार, 21 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ‘यूपी डायलॉग-चैप्टर 3’ में गूंजा नए उत्तर प्रदेश का संवाद, 150 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में ‘यूपी डायलॉग-चैप्टर 3’ में गूंजा नए उत्तर प्रदेश का संवाद, 150 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

‘UP Decade’ के जरिए प्रदेश की विकास यात्रा, सुशासन, महिला भागीदारी और बदलते सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य पर हुआ मंथन

दो टूक//नोएडा, 20 सितंबर 2026। ‘फ्रेंड्स ऑफ यूपी’ की ओर से रविवार को नोएडा में आयोजित ‘यूपी डायलॉग-चैप्टर 3’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक युवा स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उत्तर प्रदेश में पिछले एक दशक के दौरान हुए बदलावों, विकास कार्यों और उभरते अवसरों से जोड़ने के साथ-साथ विशेषज्ञों के साथ सार्थक संवाद के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम में ‘UP Decade’ विषय के माध्यम से उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, नीति-निर्माण, इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून-व्यवस्था, निवेश, महिला भागीदारी और बदलते सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने प्रदेश में हुए विभिन्न बदलावों और उनके प्रभावों को लेकर अपने विचार साझा किए, वहीं युवाओं ने भी सवाल पूछकर संवाद को आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता लेखक एवं राजनीतिक विश्लेषक शांतनु गुप्ता ने कहा कि पिछले एक दशक में उत्तर प्रदेश ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में जिस गति से बदलाव किया है, वह चर्चा का विषय बना है। उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून-व्यवस्था और निवेश के क्षेत्र में हुए बदलावों को प्रदेश की बदलती पहचान से जोड़ते हुए अपने विचार रखे।

एडवोकेट सीमा कुशवाहा ने महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों और सामाजिक भागीदारी से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, अधिकार और भागीदारी को लेकर उठाए गए कदम सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं को इस परिवर्तन की महत्वपूर्ण सहभागी बताया।

वहीं वरिष्ठ पत्रकार अभिजीत मजूमदार ने उत्तर प्रदेश के बदलते नैरेटिव और मीडिया की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे बदलाव को केवल आंकड़ों के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि उसके जमीनी प्रभावों को भी समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मीडिया और समाज के लिए यह समझना महत्वपूर्ण है कि ये बदलाव किस प्रकार नई सोच और नई दिशा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

कार्यक्रम को दो सत्रों में आयोजित किया गया। पहले सत्र में आमंत्रित वक्ताओं के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद हुआ। इसके बाद दूसरे सत्र में युवाओं के साथ प्रश्नोत्तर और खुला संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने प्रदेश के विकास, युवाओं के अवसरों, सामाजिक बदलाव और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे तथा अपने विचार भी साझा किए।

कार्यक्रम में युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार, ‘यूपी डायलॉग’ का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को विकास की यात्रा से जोड़ते हुए उन्हें संवाद, विचार-विमर्श और सकारात्मक सहभागिता के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम का समापन युवाओं के उत्साहपूर्ण सहभागिता और सकारात्मक संवाद के साथ हुआ।।