सोमवार, 21 सितंबर 2026

मऊ :बाबा साहेब की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने से आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग।||Mau:Outrage over damage to Baba Saheb's statue, demand for action against the culprits.||

शेयर करें:
मऊ :
बाबा साहेब की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने से आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग।।
।।संवाददाता, देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के इटौरा गांव में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और घटना की निंदा करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बाबा साहेब की मूर्ति को क्षति पहुंचाने से समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं जल्द जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही क्षतिग्रस्त मूर्ति की शीघ्र मरम्मत कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाने की अपील की।
वहीं, मामले को लेकर हलधरपुर थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।