सोमवार, 21 सितंबर 2026

सुल्तानपुर :दरियापुर लेबर अड्डे का डीएम ने लिया जायजा, श्रमिकों से सीधा संवाद।।||Sultanpur:The DM inspected the Dariyapur labor camp and interacted directly with the workers.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर :
दरियापुर लेबर अड्डे का डीएम ने लिया जायजा, श्रमिकों से सीधा संवाद।।
◆रोजगार के साथ स्वास्थ्य, पंजीकरण और सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ।
दो टूक : सुलतानपुर : जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित लेबर अड्डे का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद श्रमिकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और रोजगार, स्वास्थ्य व श्रमिक कल्याण से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी ली।
दो टूक : दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे बनाया गया लेबर अड्डा अब श्रमिकों के लिए फिर से सक्रिय किया जा रहा है। प्रशासन की मंशा है कि काम की तलाश में भटकने वाले श्रमिक एक निर्धारित स्थान पर जुटें और उन्हें रोजगार के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सके।
विस्तार : निरीक्षण के दौरान डीएम ने श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में लेबर अड्डे पर श्रमिकों का पंजीकरण कराकर उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
दरअसल, श्रमिकों को एक स्थान पर एकत्रित कर रोजगार, स्वास्थ्य, सुरक्षा और श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से कुछ माह पहले दरियापुर में लेबर अड्डा बनाया गया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रमिक शाहगंज चौराहे पर ही काम की तलाश में पहुंच रहे थे। अब प्रशासन ने दरियापुर लेबर अड्डे का दोबारा संचालन शुरू कराया है।
श्रमिकों के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन की ओर से मेडिकल कैंप लगाने की तैयारी है, जहां एक्स-रे मशीन, मोबाइल एंबुलेंस और मोबाइल मेडिकल यूनिट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
प्रशासन का लक्ष्य दरियापुर लेबर अड्डे को स्थायी श्रमिक केंद्र के रूप में विकसित करना है, ताकि काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों को रोजगार संबंधी जानकारी, स्वास्थ्य जांच, पंजीकरण और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सके।