लखनऊ :
NCC रैंक अलंकरण समारोह में कैडेट्स को मिली नई जिम्मेदारी, नेतृत्व और अनुशासन का दिलाया संकल्प।
दो टूक : लखनऊ राजेन्द्र नगर के नवयुग कन्या महाविद्यालय में शुक्रवार को 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी विंग के तत्वावधान में एनसीसी रैंक अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। सत्र 2026-27 के लिए योग्यता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के आधार पर चयनित कैडेट्स को विभिन्न रैंक प्रदान कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
विस्तार :
शुक्रवार को आयोजित समारोह में 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन के सूबेदार मेजर किशोर लाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने की, जबकि संयोजन एवं संचालन एनसीसी अधिकारी मेजर (डॉ.) मनमीत कौर सौढ़ी ने किया। कैडेट्स को रैंक प्रदान करने की स्वीकृति बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक द्वारा दी गई थी।
समारोह में आस्था त्रिपाठी को सीनियर अंडर ऑफिसर तथा लक्षिका किशोर, सृष्टि नायक और प्रीति कुमारी को अंडर ऑफिसर का रैंक प्रदान किया गया। निष्ठा रस्तोगी, अरुंधति यादव, खुशी निषाद, दिव्यांशी वर्मा और प्रिया तिवारी को सार्जेंट बनाया गया।
इसी क्रम में कैडेट कशिश, तान्या, शालिनी, सादिया, वर्तिका, अर्पिता, अपूर्वा, इशिता और निकिता सिंह को कॉरपोरल रैंक से अलंकृत किया गया। वहीं कैडेट रजनी, रिया, नेहा, खुशी, गरिमा, छवि, भूमिका, अवंतिका, विशाखा, अनन्या, अनुष्का, आराधना, मुस्कान, निधि, शुभी, सिद्धि और अलीशा को लांस कॉरपोरल का रैंक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने नव-रैंकधारी कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि एनसीसी केवल वर्दी और अनुशासन का प्रशिक्षण नहीं, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, आत्मविश्वास, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए महाविद्यालय और राष्ट्र का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर किशोर लाल ने कैडेट्स को लक्ष्य केंद्रित होकर निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सतत प्रयास और दृढ़ संकल्प से निर्धारित लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
एनसीसी अधिकारी मेजर (डॉ.) मनमीत कौर सौढ़ी ने सभी कैडेट्स को भारत की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र के अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई। उन्होंने रैंक प्राप्त कैडेट्स को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने और कनिष्ठ कैडेट्स के लिए आदर्श प्रस्तुत करने की प्रेरणा दी।
समारोह में 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन से हवलदार ताशी तथा महाविद्यालय की डॉ. आभा दुबे भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन एनसीसी गान और “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुआ।।
