शुक्रवार, 18 सितंबर 2026

मऊ :तेजरफ्तार का कहर- बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा,दोनों की मौत।||Mau:Speed-up truck wreaks havoc - an out-of-control truck crushes two young men riding a bike, killing both.||

शेयर करें:
मऊ :
तेजरफ्तार का कहर- बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा,दोनों की मौत।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद मे वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के बढ़ुआ गांव के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार, मोहन राजभर और स्वागत राजभर एक ही मोटरसाइकिल से जा रहे थे। बढ़ुआ गांव के समीप हाईवे पर पहुंचने के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर चिरैयाकोट पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरार ट्रक और चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई का प्रयास किया जा रहा है।
परिवार में मचा कोहराम
दो युवकों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और हाईवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य करा दी गई है।