सोमवार, 14 सितंबर 2026

मऊ :मुठभेड़ में फरार दो बदमाश दबोचे, लूट का माल खरीदने वाला सुनार भी गिरफ्तार।।||Mau:Two absconding criminals were apprehended in a shootout; the goldsmith who purchased the stolen goods was also arrested.||

शेयर करें:
मऊ :
मुठभेड़ में फरार दो बदमाश दबोचे, लूट का माल खरीदने वाला सुनार भी गिरफ्तार।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना हलधरपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दो वांछित बदमाशों को आखिरकार दबोच लिया। पुलिस ने लूटे गए सोने के आभूषण खरीदने के लिए मोलभाव कर रहे एक सुनार को भी गिरफ्तार किया है। तीनों के कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस, लूट के आभूषण और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
 विस्तार :
पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को हलधरपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान मयंक उर्फ प्रिंस यादव को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। पुलिस तभी से दोनों की तलाश में जुटी थी।
विस्तार : 13 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर हलधरपुर पुलिस ने गहनी गांव स्थित पीपल के पेड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार वहां राजा राजभर और लाला उर्फ योगेंद्र राजभर लूटे गए आभूषण बेचने के लिए रघौली बाजार स्थित जिज्ञासा ज्वेलर्स के प्रोपराइटर अनुराग वर्मा से मोलभाव कर रहे थे। पुलिस ने मौके से दोनों बदमाशों के साथ सुनार अनुराग वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपने साथी मयंक उर्फ प्रिंस यादव के साथ मिलकर चोरी और लूट की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोप है कि 5 सितंबर को जमीन सहरुल्लाह के पास एक दंपत्ति को तमंचा दिखाकर लूटपाट की गई थी। वहीं 12 सितंबर को पुलिस से बचकर भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में मयंक घायल होकर गिरफ्तार हुआ था, जबकि राजा और योगेंद्र अंधेरे में फरार हो गए थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा राजभर निवासी रसड़ी, थाना घोसी, लाला उर्फ योगेंद्र राजभर निवासी रसड़ी, थाना घोसी तथा अनुराग वर्मा, प्रोपराइटर जिज्ञासा ज्वेलर्स, रघौली बाजार के रूप में की है।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, पीली धातु के तीन लॉकेट, वीवो, ओप्पो और रियलमी के तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 50 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 190/26 के तहत धारा 309(4), 317(2), 317(4) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 195/26 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्र के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराध एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।