लखनऊ :
इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप
138 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, सूर्या सैनिक स्कूल बना चैंपियन।
दो टूक : लखनऊ । विजडम वैली कॉन्वेंट स्कूल, रुचि खंड-2 शारदा नगर में रविवार को प्रथम इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का शानदार आयोजन किया गया। कुनाल ताइक्वांडो अकादमी के तत्वावधान में हुई प्रतियोगिता में लखनऊ के आठ विद्यालयों के 138 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का दमखम दिखाया।
विस्तार :
विभिन्न आयु और भार वर्गों में हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने तकनीकी दक्षता, अनुशासन और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए विद्यालय परिसर में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
प्रतियोगिता में सूर्या सैनिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। डेयर ताइक्वांडो अकादमी द्वितीय तथा मेजबान विजडम वैली कॉन्वेंट स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों ने ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो बच्चों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ उनके व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को मजबूत करता है।
मुख्य अतिथि ने विद्यालय की प्रधानाचार्या रश्मि द्विवेदी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विद्यालय प्रबंधन का विशेष ध्यान सराहनीय है। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच मिल रहा है।
आयोजकों के मुताबिक प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने के साथ उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। पुरस्कार वितरण और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ।
