बुधवार, 23 सितंबर 2026

मऊ :विनियमित क्षेत्र कार्यालय का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण।।||Mau:The DM conducted a surprise inspection of the Regulated Area Office.||

शेयर करें:
मऊ :
विनियमित क्षेत्र कार्यालय का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण।।
ई-ऑफिस से पत्रावलियों के संचालन और महत्वपूर्ण अभिलेखों के डिजिटाइजेशन पर जोर।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जिलाधिकारी  आनंद वर्धन ने बुधवार को विनियमित क्षेत्र कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं पत्रावलियों के रखरखाव तथा विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालयीन व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी फाइलों एवं अभिलेखों का व्यवस्थित, सुरक्षित और क्रमबद्ध रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यालय में संचालित होने वाली पत्रावलियों एवं फाइलों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से संचालित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आएगी तथा अभिलेखों को सुरक्षित रखने में भी सुविधा होगी।
डीएम ने महत्वपूर्ण एवं आवश्यक अभिलेखों का प्राथमिकता के आधार पर डिजिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए। पुराने और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को स्कैन कर डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित रखने तथा डिजिटल अभिलेखों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित एवं समय-समय पर अद्यतन रखने को कहा।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी पत्रावलियां इस प्रकार व्यवस्थित रखी जाएं कि आवश्यकता पड़ने पर किसी भी अभिलेख अथवा फाइल को तत्काल खोजकर उपलब्ध कराया जा सके। जिलाधिकारी ने जनसामान्य से संबंधित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही कार्यालय आने वाले नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा कार्यालयीन कार्यों में आधुनिक तकनीक एवं ई-ऑफिस प्रणाली का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट  रामबाबू सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।