गौतमबुद्धनगर: शारदा गोलचक्कर पर रॉन्ग साइड से आई कार ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी की बाइक में मारी टक्कर, आरक्षी गंभीर घायल!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के शारदा गोलचक्कर के पास बुधवार को रॉन्ग साइड से आ रही कार ने यातायात पुलिसकर्मी की मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में यातायात आरक्षी मोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को यातायात आरक्षी मोहित कुमार मोटरसाइकिल संख्या UP16G1455 से CNG पेट्रोल पंप, शारदा हॉस्पिटल की तरफ से शारदा गोलचक्कर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड में आ रही Alto K-10 कार संख्या UP16DX0194 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
बताया गया है कि कार आकांक्षा पत्नी आदित्य, निवासी बड़ौत, जनपद बागपत चला रही थीं। अचानक हुई टक्कर से यातायात आरक्षी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायल पुलिसकर्मी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक मामले में अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। घायल यातायात आरक्षी का अस्पताल में उपचार जारी है।
