बुधवार, 23 सितंबर 2026

मऊ :पुलिस लाइन में सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यशाला हुई आयोजित।||Mau:A sign language training workshop was held at the police line.||

शेयर करें:
मऊ :
पुलिस लाइन में सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यशाला हुई आयोजित।
महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क व पुलिसकर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक :  अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस एवं बधिर व्यक्तियों के अंतर्राष्ट्रीय सप्ताह के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन सभागार, मऊ में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में किया गया, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने पुलिसकर्मियों को सांकेतिक भाषा के महत्व और इसके व्यवहारिक उपयोग के संबंध में जानकारी दी।
कार्यशाला में प्रतिसार निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, मूक-बधिर संघ मऊ तथा अमर वाणी मूक-बधिर स्कूल मऊ के प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न थानों की महिला हेल्प डेस्क प्रभारी एवं कर्मचारी, साइबर हेल्प डेस्क कर्मी, साइबर थाना, साइबर सेल तथा पुलिस लाइन के कर्मचारी शामिल हुए।
प्रशिक्षकों ने पुलिसकर्मियों को बधिर एवं मूक व्यक्तियों से संवाद स्थापित करने के लिए सांकेतिक भाषा के आवश्यक संकेतों की जानकारी दी। कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस सेवाओं तक बधिर व्यक्तियों की पहुंच को बेहतर बनाना और उनके साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के लिए पुलिसकर्मियों को संवेदनशील एवं प्रशिक्षित करना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने मूक-बधिर संघ मऊ एवं अमर वाणी मूक-बधिर स्कूल के प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही कार्यशाला में प्रतिभाग करने वाले पुलिसकर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।
पुलिस विभाग की इस पहल को बधिर एवं मूक व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग और समावेशी संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।