मऊ :
कार्यकर्ता महासम्मेलन के जरिए बसपा का शक्ति प्रदर्शन।।
कोपागंज में जुटे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता।
दो टूक : मऊ जनपद के नगर पंचायत कोपागंज स्थित बापू इंटर कॉलेज के खेल मैदान में रविवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का एक दिवसीय विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता महासम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल और आसपास का क्षेत्र नीले झंडों से सजा नजर आया।
महासम्मेलन में अजय जायसवाल की सक्रियता विशेष रूप से चर्चा में रही। पिछले करीब 15 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय अजय जायसवाल लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी में भी सक्रिय रहे हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उनके बसपा में शामिल होने के बाद क्षेत्र की राजनीति में उनकी सक्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हुई हैं।
कार्यकर्ता महासम्मेलन के माध्यम से अजय जायसवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच अपनी सक्रियता प्रदर्शित की। सम्मेलन में बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने अध्यक्षता की, जबकि पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व राज्यसभा सांसद सलीम अंसारी, मऊ नगर पालिका के चेयरमैन अरशद जमाल, पूर्व जिलाध्यक्ष राज विजय, पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार उर्फ सीटू, योगेश राय, प्रेमचंद बौद्ध, बबलू यादव, कौशल बौद्ध, सूरज सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन में वक्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को बसपा के संगठनात्मक सक्रियता के प्रदर्शन के रूप में देखा गया।
अजय जायसवाल के समर्थकों का कहना है कि लंबे समय से समाजसेवा के जरिए क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण उनकी अपनी सामाजिक पहचान बनी है। वहीं, 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बसपा की ओर से उनकी सक्रियता को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा बनी हुई है।
