गोण्डा- सेवा संकल्प अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र मेहनौन के अंतर्गत ब्लॉक मुख्यालय धानेपुर एवं शांतिनगर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन आज किया गया। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासपरक कार्यक्रमों की जानकारी दी। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने सरल एवं रोचक संवादों के जरिए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी तथा पात्र लोगों को संबंधित विभागों के माध्यम से योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कलाकारों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने नुक्कड़ नाटक को रुचि के साथ देखा और योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कलाकारों ने लोगों से अपील किया कि वे पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करें।
यहां रहे क्षेत्रीय विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और सरकार के उपलब्धियों को जनता के समक्ष साझा किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर केन्द्रीय राज्यमंत्री/सांसद गोण्डा के प्रतिनिधि राजेश सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मुजेहना शेषराम बारी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि धानेपुर रक्षाराम वर्मा, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. रामानंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष मुजेहना मुनीन्द्र शर्मा, पूर्व जिला मंत्री चन्द्र प्रकाश शुक्ला सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी और पत्रकार उपस्थित रहे।
