मऊ :
सरसेना में सरेराह युवक की गोली मारकर हत्या, सनसनी से दहला इलाका।।
●वारदात के बाद एसपी ने संभाला मोर्चा,तीन पुलिस की टीमों को लगाया।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सरसेना में युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई।घटना की सूचना पाकर पहुची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के लकीर पीटने मे जुट गई है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम जनपद के थाना चिरैयाकोट क्षेत्र सरसेना में एक युवक को बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर इलाके मे सनसनी फैला दिया।
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली।
एसपी ने घटनास्थल की बारीकी से पड़ताल करते हुए पुलिस अधिकारियों से वारदात से जुड़े प्रत्येक पहलू की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल से मिलने वाले महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और हत्या की वजह से लेकर हमलावरों की पहचान तक हर बिंदु पर गहनता से जांच के निर्देश दिए।
मामले के जल्द खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमें अलग-अलग दिशाओं में जांच करते हुए संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के सहारे हत्यारों तक पहुंचने में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हत्या की इस वारदात का शीघ्र अनावरण कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस की कई टीमें सक्रिय होने के बाद अब हत्यारों तक पहुंचने के लिए लगातार दबिश और पूछताछ का दौर जारी है। वारदात के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।
