अम्बेडकरनगर :
एनटीपीसी टांडा में धूमधाम से मनाया गया हिंदी दिवस,शुरू हुआ हिंदी पखवाड़ा।।
।।ए.के. चतुर्वेदी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर टांडा मे स्थित
नटीपीसी परियोजना में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी पखवाड़ा-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सुभाष चंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा प्रतिज्ञा दिलाई।
विस्तार : कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डालिम्स के हिंदी प्रवक्ता कृष्ण मोहन तिवारी रहे। उन्होंने हिंदी की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया था। इसलिए यह दिन देशवासियों के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि हिंदी देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने वाली भाषा है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
महाप्रबंधक सुभाष चंद्र सिंह ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि हिंदी में कार्य करना सरल है और अपनी राजभाषा में कार्य करने से गौरव की अनुभूति होती है। उन्होंने हिंदी पखवाड़ा-2026 की सफलता की शुभकामनाएं दीं।
विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) रजनीश कुमार खेतान ने हिंदी संबंधी नीतियों की जानकारी देते हुए बताया कि टांडा परियोजना में 14 से 28 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं सहयोगियों के लिए हिंदी निबंध लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा कवि सम्मेलन और नाटक मंचन भी कराया जाएगा।
कार्यक्रम में महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, राजभाषा नोडल अधिकारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी से प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने और हिंदी पखवाड़े को सफल बनाने की अपील की।
