सोमवार, 14 सितंबर 2026

अम्बेडकरनगर : रबी बीज-मिनीकिट के लिए किसानों को ऑनलाइन बुकिंग कराना अनिवार्य।।||Ambedkar Nagar: It is mandatory for farmers to book Rabi seeds and minikits online.||

शेयर करें:
अम्बेडकरनगर  : 
रबी बीज-मिनीकिट के लिए किसानों को ऑनलाइन बुकिंग कराना अनिवार्य।।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक :.अम्बेडकरनगर। रबी 2026-27 में किसानों को बीज और मिनीकिट उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। अब विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान पर बीज तथा निःशुल्क मिनीकिट प्राप्त करने के लिए किसानों को कृषि दर्शन-2 पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कराना अनिवार्य होगा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि तोरिया, सरसों, चना, मटर, मसूर और गेहूं समेत सभी रबी फसलों के प्रमाणित बीजों तथा निःशुल्क मिनीकिट के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। किसान 30 सितंबर 2026 तक कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार बुकिंग करा सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया 2 जुलाई से शुरू हुई है।
कृषि विभाग के अनुसार अब तक गेहूं के 13,936 कुंतल लक्ष्य के सापेक्ष 2,131.20 कुंतल, चना के 306 कुंतल के सापेक्ष 35.52 कुंतल, मटर के 143 कुंतल के सापेक्ष 27 कुंतल, मसूर के 22.96 कुंतल के सापेक्ष 2.88 कुंतल, सरसों के 24 कुंतल के सापेक्ष 0.66 कुंतल तथा तोरिया के 2.40 कुंतल लक्ष्य के सापेक्ष 0.30 कुंतल की बुकिंग हो चुकी है।
वहीं निःशुल्क मिनीकिट में सरसों के 6,450 पैकेट के लक्ष्य के सापेक्ष 1,133 पैकेट, चना के 800 के सापेक्ष 456, चना (केंद्र) के 272 के सापेक्ष 387, मसूर के 50 के सापेक्ष 185, मसूर (केंद्र) के 50 के सापेक्ष 140, मटर के 250 के सापेक्ष 335 तथा तोरिया के 250 पैकेट के लक्ष्य के सापेक्ष 310 पैकेट की बुकिंग हो चुकी है।
जनपद में तोरिया मिनीकिट की पी.टी.-508 प्रमाणित प्रजाति के पैकेट लॉटरी के अनुसार सभी राजकीय कृषि बीज गोदामों पर उपलब्ध हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने किसान भाइयों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कराकर रबी फसलों के प्रमाणित बीज एवं मिनीकिट का लाभ उठाएं।