गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, छात्रों से लेकर होटल संचालकों तक को सौंपी जिम्मेदारी!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 14 सितंबर 2026। आगामी 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले अतिथियों, निवेशकों, उद्यमियों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जनपद के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को भी इस वैश्विक आयोजन से जोड़ने की दिशा में प्रशासन ने व्यापक रणनीति तैयार की है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट सभागार में जनपद के शिक्षण संस्थानों और होटल संचालकों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में ट्रेड शो को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, उद्यमिता, नवाचार, तकनीक और प्रतिभा को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में जनपद के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अधिक से अधिक ट्रेड शो का भ्रमण कराने तथा उन्हें आयोजन से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले उद्योगों, उद्यमियों, स्टार्टअप्स, तकनीक और नवाचार को करीब से देखने का अवसर विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। इससे युवा उद्योग जगत की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीकों, उद्यमिता के अवसरों और वैश्विक व्यापार की बदलती आवश्यकताओं को समझ सकेंगे।
जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि वे अपने स्तर पर ट्रेड शो को लेकर विद्यार्थियों और शोधार्थियों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं। संस्थानों में पंपलेट और होर्डिंग लगाकर आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ट्रेड शो में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षण संस्थान अपने शैक्षणिक, शोध, नवाचार, स्टार्टअप और रचनात्मक कार्यों से जुड़ी उपलब्धियों को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने की दिशा में कार्य करें। इससे जनपद के शिक्षण संस्थानों की प्रतिभा और उपलब्धियों को व्यापक मंच मिलेगा। उद्योग, शिक्षण संस्थान और युवा वर्ग के बीच बेहतर समन्वय से रोजगार, उद्यमिता, शोध और नवाचार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
आधुनिक तकनीक के साथ प्रभावी शिक्षण पर भी जोर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों में स्मार्ट क्लास और स्क्रीन के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल विद्यार्थियों की बेहतर समझ और शिक्षण अनुभव को अधिक रोचक बनाने के लिए किया जाना चाहिए। साथ ही व्हाइट बोर्ड समेत पारंपरिक और आधुनिक शिक्षण विधियों का आवश्यकता के अनुरूप संतुलित उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
होटल संचालकों को साफ-सफाई, सुरक्षा और निर्धारित दरों का पालन करने के निर्देश
शिक्षण संस्थानों के साथ बैठक के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होटल संचालकों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें ट्रेड शो के दौरान जनपद में आने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अतिथियों, उद्यमियों, निवेशकों तथा अन्य आगंतुकों के लिए बेहतर आवासीय और आतिथ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रेड शो के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोगों के गौतमबुद्धनगर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में होटल संचालक स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करें।
उन्होंने होटल संचालकों से अतिथियों के साथ शिष्ट और सहयोगात्मक व्यवहार करने की अपील करते हुए कहा कि ट्रेड शो जनपद और उत्तर प्रदेश की छवि को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। होटल संचालक बेहतर आतिथ्य के माध्यम से जिले की सकारात्मक छवि बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होटल संचालक निर्धारित दरों और बुकिंग से संबंधित नियमों का पूरी तरह पालन करें। किसी भी अतिथि या आगंतुक से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूल नहीं की जाए। उन्होंने होटल संचालकों को अपने यहां उपलब्ध कमरों, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की पहले से समीक्षा कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि ट्रेड शो के दौरान किसी भी अतिथि को असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने होटल संचालकों से प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने को कहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि होटल संचालक पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को सफल बनाने में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 अरुण कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)