गौतमबुद्धनगर: किसानों की मांगें पूरी होने तक सड़क पर जारी रहेगा आंदोलन: राकेश टिकैत, महापंचायत में उमड़ा किसानों का सैलाब!!
दो टूक//गौतमबुद्ध नगर, 14 सितंबर 2026। भारतीय किसान यूनियन की ओर से सोमवार को गौतमबुद्ध नगर में आयोजित किसान महापंचायत में किसानों का भारी जनसैलाब उमड़ा। जिले के सैकड़ों गांवों से हजारों की संख्या में किसान, महिलाएं और युवा महापंचायत में पहुंचे। महापंचायत को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने संबोधित करते हुए किसानों की लंबित मांगों को लेकर आर-पार के आंदोलन का ऐलान किया।
महापंचायत के बाद हजारों किसान असल गोल्फ से पैदल मार्च करते हुए यमुना प्राधिकरण के सामने पहुंचे। किसानों के सड़क पर बैठने के बाद मौके पर काफी देर तक नारेबाजी होती रही। इस दौरान किसानों ने पुलिस-प्रशासन और सरकार के खिलाफ भी जमकर आवाज बुलंद की।
चौधरी राकेश टिकैत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक धरना और आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। प्राधिकरणों और प्रशासन की ओर से कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन किसानों का आरोप है कि उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। बार-बार वादाखिलाफी से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
महापंचायत में किसानों ने एक सुर में अपनी प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा, 10 प्रतिशत किसान कोटे के प्लॉट और आबादी के लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग भी उठाई गई।
किसानों ने जमीनों के गलत तरीके से किए गए अधिग्रहण को लेकर प्रशासन से स्पष्ट नीति घोषित करने की मांग की। इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा भूमिहीन किसानों को 120 वर्गमीटर के प्लॉट उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
महापंचायत में किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासन से नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस कार्रवाई से होना चाहिए। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि लंबित मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
महापंचायत में राजपाल शर्मा, अनुज भाई, राजवीर लवानिया, पवन खटाना, अनित कसाना, मटरू नागर, सुरेंद्र नागर, बेली भाटी, शमशाद सैफी, अकबर अली, सुनील प्रधान, योगेश भाटी, राजीव मलिक, बलजीत नागर, रॉबिन नागर, भगत सिंह प्रधान, विनोद शर्मा, इंद्रेश चेची, सुंदर खटाना, पवन नागर, संदीप खटाना, कोशिंदर खटाना सहित बड़ी संख्या में किसान पदाधिकारी और हजारों किसान मौजूद रहे।।
