सोमवार, 14 सितंबर 2026

मऊ :बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान होगा शुरु ।।||Mau:A special police campaign will be launched to protect girls.||

शेयर करें:
मऊ :
बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान होगा शुरु ।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक :  स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा और स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रदेशभर में ‘मिशन सेफ फ्यूचर-3.0’ अभियान चलाया जाएगा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर मऊ जनपद में 14 से 19 सितंबर 2026 तक छह दिवसीय विशेष अभियान के तहत स्कूल वाहनों की सघन जांच की जाएगी।
एआरटीओ मऊ सुहैल अहमद ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालयों के स्वामित्व अथवा अनुबंध पर संचालित स्कूल बसों एवं अन्य वाहनों की जांच की जाएगी। इस दौरान वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों के अनुपालन को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि बालिकाओं की सुरक्षित यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। जिन स्कूल वाहनों में छात्राएं यात्रा करती हैं, उनमें महिला परिचारक (अटेंडेंट) की मौजूदगी अनिवार्य होगी। जांच टीमों द्वारा इस व्यवस्था की विशेष रूप से पड़ताल की जाएगी।
एआरटीओ के अनुसार, जनपद मऊ में कुल 1181 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। इनमें से 30 वाहनों की फिटनेस फेल पाए जाने पर उनका पंजीयन निलंबित किया जा चुका है। अभियान के दौरान निलंबित वाहनों के साथ-साथ एनओसी वाले वाहनों के संचालन की भी जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ ने कहा कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।