मऊ :
पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर की थी हत्या,दो आरोपी गिरफ्तार।।
शादी समारोह के विवाद का बदला लेने के लिए रची गई थी साजिश।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना चिरैयाकोट क्षेत्र में बीते 14 सितंबर की शाम युवक अनीश कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है इनके कब्जे से दो तमंचे और 315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
दोनो मे एक शादी समारोह में हुआ विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही थी।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित कुमार पुत्र लक्ष्मीकान्त निवासी तालभीतर, थाना दुल्लहपुर, गाजीपुर और प्रदीप राम पुत्र मुन्नीलाल निवासी जलालाबाद, थाना दुल्लहपुर, गाजीपुर के रूप में हुई है। दोनों को 15 सितंबर को गिरफ्तार किया गया।
शादी समारोह के विवाद ने लिया खूनी रूप
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गोलू पुत्र बैजनाथ के साथ अमिरहा गांव में आयोजित शादी समारोह में पहुंचे थे। वहां रानीपुर क्षेत्र निवासी गोल्डी और गोलू के बीच विवाद हो गया था। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद का बदला लेने के लिए आरोपियों ने अपने साथियों के साथ 14 सितंबर की शाम करीब पांच बजे सरसेना पेट्रोल पंप के आगे काझा के पास घात लगाकर बैठकर इंतजार किया।
जैसे ही गोल्डी और अनीश कुमार वहां पहुंचे, दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से असलहों से फायरिंग कर दी। गोली लगने से अनीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोल्डी जान बचाकर भाग निकला। भागते समय उसकी पल्सर बाइक मौके पर ही छूट गई।
दो आरोपियों से तमंचे और कारतूस बरामद
पुलिस ने मोहित कुमार के कब्जे से एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस 315 बोर तथा प्रदीप राम के कब्जे से भी एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया है।
इस मामले में थाना चिरैयाकोट पर मु0अ0सं0 107/26, धारा 3(5), 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इन टीमों ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में चिरैयाकोट, रानीपुर, मुहम्मदाबाद, सर्विलांस और स्वाट टीम द्वारा की गई।
