गौतमबुद्धनगर: भूकंप, अग्निकांड और औद्योगिक रासायनिक हादसे से निपटने की होगी मॉक एक्सरसाइज, तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 16 सितंबर 2026। 18 सितंबर को गौतमबुद्धनगर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका की अध्यक्षता में टेबल टॉप समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, उपलब्ध संसाधनों और संचार व्यवस्था की समीक्षा करने तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र में मौजूद कमियों की पहचान कर उनमें आवश्यक सुधार करना रहा।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान भूकंप, औद्योगिक रासायनिक आपदा (सीबीआरएन) और अग्नि सुरक्षा से संबंधित अलग-अलग परिस्थितियों का अभ्यास कराया जाएगा। बैठक में संबंधित विभागों की विभागीय आपदा प्रबंधन योजनाओं की समीक्षा करने के साथ ही इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) के तहत विभिन्न हितधारकों की जिम्मेदारियों और भूमिका का परीक्षण किया गया।
तीन अलग-अलग स्थानों पर होगी मॉक एक्सरसाइज
जनपद गौतमबुद्धनगर में 18 सितंबर को तीन अलग-अलग स्थानों पर मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। अग्निकांड आपदा से निपटने का अभ्यास ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा हॉस्पिटल में, भूकंप आपदा का अभ्यास जेवर क्षेत्र के दा रेडिएशन स्कूल, नीमका में तथा सीबीआरएन औद्योगिक रासायनिक आपदा से संबंधित अभ्यास ग्रेटर नोएडा स्थित अति खतरनाक संवेदनशील कारखाने हायर एप्लाइंसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में किया जाएगा।
टेबल टॉप बैठक में प्रस्तावित मॉक एक्सरसाइज के विभिन्न परिदृश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने इस बात पर विचार-विमर्श किया कि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य किस प्रकार तेजी और प्रभावी तरीके से संचालित किए जाएं। साथ ही घटनास्थल पर विभिन्न एजेंसियों के बीच सूचना के आदान-प्रदान, संसाधनों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया को बेहतर बनाने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका ने संबंधित विभागों को मॉक एक्सरसाइज के दौरान अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप समन्वय के साथ कार्य करने और सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में मॉक ड्रिल को वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियों के अनुरूप संचालित करने तथा सामने आने वाली संभावित कमियों को चिन्हित कर भविष्य में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक में उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार, सहायक निदेशक संदीप कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी पवन कुमार, एनडीआरएफ इंस्पेक्टर हेमंत कुमार, आईटीबीपी इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा, जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा संबंधित कारखाने, अस्पताल और स्कूल के प्रबंधकों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।।
