गौतमबुद्धनगर: दिल्ली-एनसीआर में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, एक्सप्रेस-वे पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे; 6 चोरी की बाइक, कार और हथियार बरामद!!
दो टूक//नोएडा, 16 सितंबर 2026। दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की 6 मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल आई-10 कार, आईफोन 13 प्रो, 1,300 रुपये नकद और अवैध हथियार बरामद किए हैं। बरामद हथियारों में .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और एक अवैध चाकू शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को छपरौली टी-प्वाइंट, सेक्टर-168 नोएडा के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर यादव पुत्र हरी बाबू और सोनू कुमार पुत्र सोनपाल सिंह के रूप में हुई है।
कार से करते थे बाइक की रेकी
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त आई-10 कार संख्या DL9CAA1997 से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में घूमकर मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर चोरी करने के बाद वे उन्हें अलग-अलग स्थानों पर झाड़ियों में छिपा देते थे। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिलों को सस्ते दामों पर बेचकर अवैध रूप से धन अर्जित करते थे।
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त चोरी की वारदातों के दौरान अपने पास अवैध हथियार भी रखते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर छह चोरी की हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
छह चोरी की मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद
पुलिस ने बरामद की गई मोटरसाइकिलों में UP24AW6456, DL3SCS0221, UP16DU6549, UP16CS0519, UP23AE7299 और DL14ST0837 नंबर की छह हीरो स्पलेंडर शामिल बताई हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त आई-10 कार संख्या DL9CAA1997 भी बरामद की गई है।
अभियुक्त सागर यादव के कब्जे से आईफोन 13 प्रो, 1,300 रुपये नकद, एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। वहीं अभियुक्त सोनू कुमार के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
दोनों आरोपी नोएडा में रह रहे थे
पुलिस के अनुसार, सागर यादव की उम्र करीब 21 वर्ष है और वह मूल रूप से मोहल्ला लोधीनगर, कस्बा एवं थाना छर्रा, अलीगढ़ का रहने वाला है। वर्तमान में वह ग्राम वाजिदपुर, सेक्टर-135 नोएडा में रह रहा था। वहीं करीब 25 वर्षीय सोनू कुमार मूल रूप से कुंडा चौराहा के पास, थाना कुंडा, काशीपुर, ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड का निवासी है और वर्तमान में ग्राम वाजिदपुर, सेक्टर-135 नोएडा में रह रहा था।
थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 140/2026, धारा 317(5) बीएनएस एवं 3/4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।।
