मऊ :
दुर्गा मंदिर का ताला तोड़ लाखों के आभूषण व दान पेटिका चोरी कर ले गए चोर।।
सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों में मचा हड़कंप।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना घोसी क्षेत्र अकोल्ही मुबारकपुर गांव स्थित दुर्गा मंदिर में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और दानपेटिका चोरी कर ली। शुक्रवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने मंदिर का मुख्य द्वार खुला और ताला टूटा देखा तो घटना की जानकारी हुई। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
विस्तार :
मिली जानकारी के शुक्रवार सुबह थाना घोसी क्षेत्र अकोल्ही मुबारकपुर गांव स्थित दुर्गा मंदिर का ताला टूटा देख पुजारी एवं श्रद्धालुओं का होश उड़ गया।
ग्रामीणों के मुताबिक चोर मंदिर में रखे सोने के मांगटीका, नथुनी समेत अन्य आभूषण और दानपेटिका लेकर फरार हो गए। चोरी की सूचना मिलते ही घोसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवींद्रनाथ राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मंदिर की देखरेख करने वाले जयनाथ चौरसिया ने अज्ञात चोरों के खिलाफ घोसी कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, मंदिर में चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषण व अन्य सामान की बरामदगी की मांग की है वहीं धार्मिक स्थल में हुई चोरी की वारदात से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
