शुक्रवार, 25 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का भव्य शुभारंभ, अमित शाह-योगी ने दिखाया ‘नए यूपी’ का विजन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का भव्य शुभारंभ, अमित शाह-योगी ने दिखाया ‘नए यूपी’ का विजन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

2400 से ज्यादा स्टॉल, 85 देशों के खरीदार और दुनिया के सामने यूपी की औद्योगिक ताकत का प्रदर्शन

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, निवेश और विनिर्माण के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चौथे संस्करण का भव्य शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। पांच दिवसीय यह आयोजन 25 से 29 सितंबर तक चलेगा, जिसमें उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, MSME, उत्पादों, नवाचार, मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

ट्रेड शो के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों, निवेशकों, खरीदारों, उद्यमियों और कारोबारियों की मौजूदगी रही। इस बार ट्रेड शो में 16 हॉल में 2,400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं और 85 से अधिक देशों के अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

अमित शाह बोले- कानून व्यवस्था ने बनाया निवेश का माहौल

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था में आए बदलाव और उसके निवेश पर पड़े प्रभाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में माफियाओं का शासन चलता था, लेकिन वर्ष 2017 में भाजपा की सरकार बनने और योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अमित शाह ने कहा कि निवेश के लिए सबसे पहली शर्त अच्छी कानून व्यवस्था है। इसके साथ अनुकूल औद्योगिक नीति, सक्रिय सरकार और निवेशकों की मदद करने का उत्साह भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ये चारों चीजें मौजूद हैं और इसी वजह से प्रदेश में निवेश का माहौल तैयार हुआ है।

सीएम योगी बोले- यूपी को नई पहचान दिलाने की पहल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को प्रदेश के बहुआयामी विकास और वैश्विक स्तर पर बढ़ते भरोसे का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को नए अवसरों, निवेश और विकास के माध्यम से नई पहचान दिलाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म बन रहा है। उत्तर प्रदेश अब मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है और प्रदेश के कारोबारियों तथा उद्यमियों पर दुनिया का भरोसा बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की ताकत उसकी परंपरागत उद्यमिता में है। यहां के कारीगरों, शिल्पकारों और स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों को अब बड़े बाजार तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

वैश्विक बाजार से जुड़ेगा यूपी का कारोबार

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्देश्य प्रदेश के उत्पादों और उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना है। ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के उत्पादों के साथ MSME इकाइयों, निर्माताओं, निर्यातकों और पारंपरिक उद्योगों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

आयोजन में कई देशों के प्रतिनिधिमंडल और अंतरराष्ट्रीय खरीदार हिस्सा ले रहे हैं। इससे प्रदेश के कारोबारियों को विदेशी बाजारों, निवेशकों और खरीदारों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिल रहा है।

कारोबार के साथ दिखेगी यूपी की संस्कृति और विरासत

पांच दिन तक चलने वाले इस आयोजन में केवल व्यापार और उद्योग ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, कला, हस्तशिल्प और विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक बाजार से जोड़ने के साथ स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

‘ग्लोबल ग्रोथ’ की दिशा में बड़ा मंच

इस वर्ष ट्रेड शो की थीम ‘UP for Global Growth, Innovation, Manufacturing and Exports’ रखी गई है। 16 हॉल में सजे 2,400 से अधिक स्टॉल उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और कारोबारी क्षमता को प्रदर्शित कर रहे हैं। 85 से अधिक देशों के खरीदारों की भागीदारी से आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक मंच मिला है।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के जरिए उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने, निवेश को बढ़ावा देने, मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात को गति देने तथा स्थानीय उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। ग्रेटर नोएडा में शुरू हुआ यह आयोजन अगले पांच दिनों तक कारोबार, निवेश, नवाचार और उत्तर प्रदेश की संस्कृति का प्रमुख केंद्र बना रहेगा।।