लखनऊ :
सभाखेड़ा में युवक की पीट-पीटकर हत्या,चार गिरफ्तार।।
पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार।।
दो टूक : पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित सभाखेड़ा गांव में गुरुवार शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय युवक की ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो महिलाओं समेत चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार :
थाना पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक, 24 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे सभाखेड़ा गांव में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो प्रवीण (26) पुत्र रमाशंकर उर्फ राममिलन गंभीर रूप से घायल मिला। पुलिस ने उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों की नामजद तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 487/26, धारा 191(2), 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हनुमान (60), उसके बेटे रवि (34), सावित्री (58) पत्नी हनुमान और मनीषा (20) पत्नी शुभम को रात करीब 11:20 बजे रायबरेली रोड स्थित किसान पथ अंडरपास के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि प्रवीण के शराब पीने को लेकर पड़ोस के हनुमान के परिवार से पहले से विवाद रहता था। आरोप है कि प्रवीण अक्सर शराब के नशे में हनुमान के घर के सामने स्थित परचून की दुकान पर पहुंचकर परिवार के लोगों से गाली-गलौज करता था।
गुरुवार शाम भी गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान हनुमान के छोटे बेटे शुभम से प्रवीण की मारपीट हो गई। आरोप है कि इसके बाद शुभम, उसके बड़े भाई रवि कुमार और परिवार के अन्य सदस्यों ने प्रवीण के साथ मारपीट की। मारपीट में सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने से उसकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
