गौतमबुद्धनगर: थेरेपी रूम में 11 दिनों तक गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’, विशेष बच्चों ने भक्ति और उत्साह के साथ दी बप्पा को विदाई!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-70 स्थित फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन में 11 दिनों से चल रहे गणपति उत्सव का शुक्रवार को भक्तिभाव और उल्लास के साथ विधिवत समापन हुआ। उत्सव के अंतिम दिन विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा को श्रद्धापूर्वक विदाई दी गई।
इस गणेश उत्सव की सबसे खास बात यह रही कि फाउंडेशन के बच्चों ने अपने स्पाइडर केज थेरेपी रूम में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर 11 दिनों तक नियमित रूप से पूजा-अर्चना की। इस दौरान बच्चों को धार्मिक एवं पौराणिक कथाओं के माध्यम से भगवान गणेश और श्रीकृष्ण से जुड़ी परंपराओं तथा भारतीय संस्कृति के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया गया।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरके बच्चे, प्रस्तुतियों ने जीता दिल
उत्सव के अंतिम दिन फाउंडेशन परिसर में विशेष माहौल देखने को मिला। बच्चों ने अभिनय, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर उत्साह के साथ थिरकते बच्चों का आत्मविश्वास और खुशी देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए यह संदेश भी दिया कि अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चे भी अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
धार्मिक आयोजन के जरिए बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन केवल धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के सामाजिक और भावनात्मक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को भारतीय परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में खुशी, सहभागिता और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद करते हैं।
उन्होंने कहा कि 11 दिनों तक बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे उत्सव को विशेष बना दिया। बच्चों ने पूजा-अर्चना के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और उत्साह का परिचय दिया।
समापन अवसर पर फाउंडेशन की प्रबंध निदेशक डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, सीईओ डॉ. सुष्मिता भाटी, सेंटर मैनेजर सुरभि जैन, डिजिटल मीडिया मैनेजर सौम्या सोनी सहित फाउंडेशन की पूरी टीम और स्वयंसेवक मौजूद रहे। सभी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और गणपति बप्पा से सभी के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
