गौतमबुद्धनगर: पोक्सो कानून और बाल सुरक्षा को लेकर दादरी के स्कूल में जागरूकता शिविर, बच्चों को गुड टच-बैड टच की दी जानकारी!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा/दादरी। बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षित रखने और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को लक्ष्मी कान्वेंट स्कूल, दादरी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पोक्सो एक्ट) के प्रावधानों के साथ-साथ गुड टच-बैड टच, बाल सुरक्षा और आपात स्थिति में मदद लेने के तरीकों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर गांधी जयंती-2026 के अवसर पर विद्यालयों में चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस शिविर का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर के दिशा-निर्देशन में किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन, गौतमबुद्धनगर जूही आनंद ने की।
इस दौरान जूही आनंद ने छात्र-छात्राओं को पोक्सो अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि किसी भी प्रकार के अनुचित या असहज व्यवहार को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में बिना किसी डर या संकोच के अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
गुड टच और बैड टच को लेकर भी बच्चों को किया जागरूक
शिविर में बच्चों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाया गया। उन्हें अपने शरीर की सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी संदिग्ध या अनुचित व्यवहार की स्थिति में तत्काल मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को यह भी बताया गया कि उनकी सुरक्षा के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं और किसी भी परेशानी की स्थिति में वे संबंधित हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं।
छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन हेल्पलाइन 112 और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बच्चों से अपील की कि किसी भी तरह की समस्या होने पर डरने के बजाय तत्काल उचित माध्यम से सहायता प्राप्त करें।
शिक्षा को आत्मनिर्भरता का आधार बताया
शिविर के दौरान बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूकता और शिक्षा बच्चों को सुरक्षित एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक एवं शिक्षकगण, पीएलवी बाल चन्द नागर, राहुल गौतम, वरिष्ठ सहायक डीएलएसए सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। शिविर के माध्यम से बच्चों को कानून की जानकारी देने के साथ ही उन्हें अपनी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।।
