गौतमबुद्धनगर: धूम मानिकपुर की केमिकल फैक्ट्री में आधी रात भीषण आग, 5 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। बादलपुर थाना क्षेत्र के धूम मानिकपुर स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से आसपास के क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और बादलपुर पुलिस की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और राहत-बचाव टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री के अंदर मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए दो दर्जन से अधिक फायर टेंडर लगातार कई घंटों तक जुटे रहे। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पाया जा सका। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री परिसर में खड़े कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस के अनुसार आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है। घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। संबंधित विभागों की टीम द्वारा आग लगने के कारणों और फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा मानकों और आग से हुए नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।
