लखनऊ :
पुरानी रंजिश में जानलेवा वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।
दो टूक : लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमला और फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध 315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा एक डंडा बरामद किया गया है।
विस्तार :
थाना ठाकुरगंज इस्पेक्टर के अनुसार 27 सितंबर को शिवम चौरसिया ने ठाकुरगंज थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई सूरज चौरसिया अपने दोस्तों के साथ गौशाला रोड स्थित बगिया मंदिर के पास सेन्ट्रो कार में बैठा था। इसी दौरान कलीम, भूरे समेत दो अन्य लोग वहां पहुंचे और सूरज को निशाना बनाकर दो राउंड फायर किए। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों से सूरज पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।
मामले में ठाकुरगंज थाने पर मुकदमा संख्या 630/2026 के तहत धारा 109(1)/115(2) बीएनएस में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने CCTV फुटेज, सुरागरसी-पतारसी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सोमवार 28 सितंबर को मूसाबाग खंडहर प्रेरणास्थल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूरे उर्फ तैसीफ (22) और मो. कलीम (28) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले सूरज चौरसिया का कलीम से विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के चलते दोनों ने वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी भूरे उर्फ तैसीफ के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा मो. कलीम के पास से एक डंडा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
ठाकुरगंज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान समेत उपनिरीक्षक राज बहादुर सिंह, मुदित राय, शुभम सिंह और पुलिसकर्मी शामिल रहे।
