लखनऊ :
रिमोट ऑन करते ही घर में भड़की आग,सारी गृहस्थी जलकर हुई राख।मां ने 6 माह के बच्चे समेत दो मासूमों को बचाया।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पारा क्षेत्र के मोहन रोड स्थित सरकारी कॉलोनी में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान में अचानक आग लग गई। घर के अंदर मौजूद 6 माह के बच्चे और 8 वर्षीय बच्चे की जान खतरे में देख महिला ने दोनों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार थाना पारा क्षेत्र पॉलिटेक्निक कालेज की सरकारी कॉलोनी के एक मकान में सोमवार शाम करीब 7:40 बजे अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई मकान मे रहने वाली साहसी महिला ने जान पर खेलकर अपने 6 माह के मासूम बच्चे समेत दो बच्चों को बाहर निकाल कर जान बचाई पडोसियों ने घटना की सूचना डायल-112 पर पुलिस को दी सूचना मिलते ही स्थानीय पारा पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर फायर सर्विस को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। तब तक घर का सारा समान जलकर खाक हो गया।
पुलिस के मुताबिक, मकान में पंडित गोविंद बल्लभ पंत पॉलिटेक्निक स्कूल, मोहन रोड के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गोविंद गोस्वामी अपने परिवार के साथ रहते हैं। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि घर में मौजूद 8 वर्षीय बच्चे ने टीवी चालू करने के लिए रिमोट ऑन किया, जिसके बाद अचानक आग भड़क गई। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में घर में रखे गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग लगने की आशंका भी जताई गई है।
महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए पहले अपने 6 माह के बच्चे और 8 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और डायल-112 को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने आग बुझा दी, लेकिन घर में रखा काफी सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार मौके पर फिलहाल कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और घटना की अग्रिम जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
