मंगलवार, 15 सितंबर 2026

लखनऊ :ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का उप मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण।||Lucknow:The Deputy Chief Election Commissioner conducted a surprise inspection of the EVM-VVPAT warehouse.||

शेयर करें:
लखनऊ :
ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का उप मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण।
सुरक्षा व्यवस्था परखी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से की वार्ता, परिसर में पीपल समेत तीन पौधों का रोपण।
दो टूक : भारत सरकार के उप मुख्य निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने सोमवार को मोहनलालगंज स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयर हाउस का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था और ईवीएम-वीवीपैट के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा और जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर भी मौजूद रहे।
विस्तार : 
उप मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने वेयर हाउस में रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से अभिलेखों और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी ली। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं प्रतिनिधियों से भी उप मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने संवाद किया। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया तथा ईवीएम-वीवीपैट के रख-रखाव से जुड़े उनके सुझाव और जिज्ञासाएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों ने वेयर हाउस की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की जानकारी दी। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वेयर हाउस परिसर में पीपल, पकड़ और बरगद के पौधे रोपे। इस दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल पर भी जोर दिया गया।
इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, एसडीएम आकाश सिंह, तहसीलदार रितुराज शुक्ला समेत निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।