शनिवार, 12 सितंबर 2026

लखनऊ:गोंडा जा रहे अजय राय समेत कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका,किया गिरफ्तार।Lucknow:Police stopped and arrested Congress workers, including Ajay Rai, who were on their way to Gonda.||

शेयर करें:
लखनऊ:
गोंडा जा रहे अजय राय समेत कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका,किया गिरफ्तार।
दो टूक : गोंडा के करनैलगंज क्षेत्र के रेक्सड़िया निवासी दिवंगत बर्तन कारोबारी विनोद साहनी के परिजनों से मिलने जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय समेत दर्जनों कांग्रेसियों को बाराबंकी टोल प्लाजा के पास पुलिस ने रोक लिया। कांग्रेस का आरोप है कि भारी पुलिस बल ने उन्हें गिरफ्तार कर मसौली थाने पहुंचा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता मसौली थाने पहुंचने लगे, जिन्हें पुलिस ने रास्ते में ही हाईवे पर रोक दिया।
मसौली थाने के बाहर देखते ही देखते सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता जुट गए। कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं में खासा आक्रोश देखने को मिला।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए सवाल उठाया कि किसी पीड़ित परिवार के घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त करना क्या अपराध है? उन्होंने कहा कि उन्हें किसके आदेश पर रोका गया, यह बताया जाना चाहिए। यदि ऊपर से आदेश था तो उसका लिखित आदेश क्यों नहीं दिखाया गया?
अजय राय ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बीच गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और व्यापारी वर्ग के पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना कांग्रेस की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए विपक्षी नेताओं को पीड़ितों से मिलने से रोक रही है।
उन्होंने कहा कि “सरकार को मुझे रोकने के बजाय अपराधियों को रोकने पर ध्यान देना चाहिए।” अजय राय ने आरोप लगाया कि विनोद साहनी की जिस तरह गोली मारकर हत्या की गई, उससे प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही हत्या, लूट और दुष्कर्म की घटनाएं प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह राहुल गांधी के सिपाही हैं और जहां भी जनता पीड़ा में होगी, कांग्रेस के नेता वहां खड़े दिखाई देंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ित परिवारों से मिलने से उन्हें कोई रोक नहीं सकता और कांग्रेस सत्ता के दबाव के सामने नहीं झुकेगी।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विनोद साहनी हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक धीरेन्द्र सिंह धीरू, राम प्रताप सिंह, इंदल रावत समेत देवेन्द्र निषाद, सलमान बशर, आसिम वकार, अब्दुल्ला शेर खान, सुरेन्द्र यादव, राजेश जायसवाल, राम निहाल निषाद, कुलदीप दिवाकर, अनामिका यादव, शिवलाल कोरी, शिवेन्द्र सिंह, हसीब खान, संजय सिंह, जयंत गौतम, त्रिलोकीनाथ तिवारी, अब्दुल रहमान घोसी, दुर्गविजय सिंह मान, राकेश पाण्डेय, प्रमोद मिश्रा, इफ्तिखार अंसारी, सुमन प्रजापति, हुस्न आरा, सुनीता रावत, विभा त्रिपाठी, पुष्पा यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।