लखनऊ :
पिता की डांट से नाराज युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, कूदने की दी धमक,
पुलिस ने समझाकर बचाई जान।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के मऊ गांव में सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में धुत युवक पिता की डांट से नाराज होकर गांव की विशाल पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक ने टंकी से कूदने की धमकी दी तो नीचे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज क्षेत्र मऊ गांव निवासी अंकित कुमार सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे शराब के नशे में घर में गाली-गलौज और मोहल्ले में हंगामा कर रहा था। पिता रज्जन लाल ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पिता से ही भिड़ गया। मामला बढ़ने पर पिता ने उसे डांटते हुए पीट दिया। इससे नाराज अंकित गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहां से कूदने की धमकी देने लगा।
सूचना मिलते ही मोहनलालगंज कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अतुल सिंह, उपनिरीक्षक परवेज आलम और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक से बातचीत शुरू की और काफी देर तक उसे समझाते-बुझाते रहे। इसके बाद पुलिसकर्मी टंकी पर पहुंचे और युवक को भरोसे में लेकर सुरक्षित नीचे उतार लिया।
युवक के सकुशल नीचे उतरते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान टंकी के नीचे काफी देर तक ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
