मंगलवार, 15 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: चूजों की सुरक्षा में उल्लुओं ने संभाला मोर्चा, ला रेजीडेंशिया सोसायटी में मचा हड़कंप; वन विभाग ने 7 उल्लुओं को किया रेस्क्यू!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: चूजों की सुरक्षा में उल्लुओं ने संभाला मोर्चा, ला रेजीडेंशिया सोसायटी में मचा हड़कंप; वन विभाग ने 7 उल्लुओं को किया रेस्क्यू!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। थाना बिसरख क्षेत्र स्थित ला रेजीडेंशिया सोसायटी में पिछले करीब एक सप्ताह से उल्लुओं के लगातार हमलों के चलते निवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ था। सोसायटीवासियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में उल्लुओं ने करीब 6 से 7 लोगों पर हमला किया, जिसमें 3 से 4 लोगों के सिर में चोटें आईं। लगातार हो रही घटनाओं के बाद लोगों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की थी।

बताया जा रहा है कि सोसायटी परिसर में उल्लुओं के चूजे मौजूद थे और उनकी सुरक्षा को लेकर उल्लुओं की जोड़ी बेहद आक्रामक हो गई थी। चूजों के आसपास आने वाले लोगों पर उल्लू अचानक हमला कर रहे थे। इसके चलते सोसायटी में रहने वाले लोगों के साथ-साथ वहां आने-जाने वाले लोगों में भी भय का माहौल बन गया था।

मामले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ला रेजीडेंशिया सोसायटी पहुंची और उल्लुओं को रेस्क्यू करने का अभियान शुरू किया। टीम को सात उल्लुओं को पकड़ने में करीब एक घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद सभी सात उल्लुओं को सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया गया।

वन विभाग की टीम द्वारा रेस्क्यू किए गए सभी उल्लुओं को बाद में सूरजपुर वेटलैंड क्षेत्र में छोड़ दिया गया। सात उल्लुओं के रेस्क्यू होने के बाद सोसायटीवासियों ने राहत की सांस ली है।

चूजों की सुरक्षा में उल्लुओं ने ऐसा मोर्चा संभाला कि पूरी सोसायटी में हड़कंप मच गया। लगातार हो रहे हमलों से लोग घर से निकलने तक में सावधानी बरत रहे थे। वन विभाग की कार्रवाई के बाद फिलहाल सोसायटीवासियों ने राहत महसूस की है।