मंगलवार, 15 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण पर अस्थायी कर्मचारियों का हल्लाबोल, सफाई व्यवस्था ठप कर गेट पर शुरू किया धरना!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण पर अस्थायी कर्मचारियों का हल्लाबोल, सफाई व्यवस्था ठप कर गेट पर शुरू किया धरना!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ठेकेदारी प्रथा खत्म करने और 60 साल की उम्र तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को स्थायी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं देने की मांग, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

दो टूक//नोएडा। नोएडा प्राधिकरण में ठेकेदारी प्रथा के तहत कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार से मोर्चा खोल दिया। कर्मचारियों ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू करते हुए शहर की साफ-सफाई व्यवस्था भी ठप कर दी है। कर्मचारियों के आंदोलन के चलते आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि नोएडा प्राधिकरण में वर्षों से ठेकेदारी व्यवस्था के तहत काम कर रहे कर्मचारियों को ठेकेदार प्रथा से मुक्त कर स्थायी व्यवस्था के तहत लिया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से प्राधिकरण और शहर की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारियों के समान सुविधाएं और अधिकार नहीं मिल रहे हैं।

कर्मचारियों ने यह भी मांग उठाई है कि जो कर्मचारी 60 वर्ष की आयु तक अपनी सेवाएं देते हैं, उन्हें स्थायी कर्मचारियों की तरह सुविधाएं और सेवा संबंधी लाभ उपलब्ध कराए जाएं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ठेकेदारी व्यवस्था के कारण कर्मचारियों को उनकी मेहनत के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

बताया जा रहा है कि नोएडा प्राधिकरण में करीब 5,000 अस्थायी कर्मचारी ठेकेदारी प्रथा के तहत कार्यरत हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि प्राधिकरण की ओर से ठेकेदार को करीब 2.5 प्रतिशत कमीशन दिया जाता है, जबकि कर्मचारी सीधे तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों ने इस व्यवस्था को समाप्त कर उन्हें सीधे प्राधिकरण के अधीन किए जाने की मांग की है।

अस्थायी कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने साफ-सफाई व्यवस्था को भी आज से बंद करने का ऐलान किया है, जिससे शहर के विभिन्न सेक्टरों और आवासीय क्षेत्रों में कूड़ा उठाने तथा सफाई कार्य प्रभावित हो सकता है।

गौरतलब है कि नोएडा प्राधिकरण में एक तरफ किसानों का आंदोलन भी चल रहा है। सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू होने के बाद अब अस्थायी सफाई कर्मचारियों ने भी आंदोलन शुरू कर दिया है। ऐसे में प्राधिकरण के सामने एक साथ किसानों और कर्मचारियों के आंदोलनों से दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों के समाधान तक पीछे हटने वाले नहीं हैं।।