गौतमबुद्धनगर: सुपरनोवा सोसाइटी में गंदे पानी से हाहाकार, करोड़ों के फ्लैटों में रहने वाले 350 परिवार परेशान!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी में गंदे और बदबूदार पानी की समस्या ने करीब 350 परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है। रेजिडेंट्स का आरोप है कि सोसाइटी में कई दिनों से काले और दुर्गंधयुक्त पानी की सप्लाई हो रही है। पानी में छोटे-छोटे कीड़े आने का भी आरोप लगाया गया है। करोड़ों रुपये कीमत के फ्लैटों वाली इस हाईराइज सोसाइटी में मूलभूत सुविधाओं के लिए भी लोगों को जूझना पड़ रहा है।
रेजिडेंट्स के मुताबिक, घरों में आने वाला पानी इतना गंदा और बदबूदार है कि उसका इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है। पानी में कीड़े दिखाई देने के बाद लोगों में स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। परिवारों का कहना है कि पीने और खाना बनाने के लिए उन्हें बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है।
सोसाइटी के लोगों का आरोप है कि बिल्डर की ओर से करीब दो वर्षों से वाटर बिल जमा नहीं किया गया है, जिसके चलते पानी की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। रेजिडेंट्स का कहना है कि वे नियमित रूप से मेंटेनेंस और अन्य शुल्क का भुगतान कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें साफ पानी जैसी बुनियादी सुविधा तक नहीं मिल पा रही है।
लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की संपत्ति खरीदकर रहने के बावजूद उन्हें रोजमर्रा की मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। सोसाइटी में रहने वाले परिवारों ने संबंधित अधिकारियों और प्राधिकरण से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। रेजिडेंट्स का कहना है कि पानी की गुणवत्ता की जांच कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए और यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
वहीं, गंदे पानी की समस्या को लेकर सोसाइटी के निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई और समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित विभाग और बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ शिकायत को उच्च स्तर तक ले जाने के लिए मजबूर होंगे।।
