लखनऊ:
कार की टक्कर से घायल महिला करती रही अस्पताल पहुंचाने की मिन्नत, चालक कार लेकर फरार।।
स्कूटी सवार महिला के हाथ-कंधे में फ्रैक्चर, राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना आलमबाग क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद घायल महिला कार चला रही महिला से अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोप है कि चालक महिला मदद करने के बजाय मौके से कार लेकर फरार हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और परिजनों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हाथ और कंधे में फ्रैक्चर बताते हुए सर्जरी की सलाह दी है। पीड़िता की बेटी की तहरीर पर आलमबाग पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
मिली जानकारी के कोतवाली आलमबाग क्षेत्र के कोरियाना मोहल्ला निवासी कृतिका प्रकाश पुत्री स्व. कीर्ति प्रकाश के मुताबिक, बीते मंगलवार सुबह करीब नौ बजे उनकी मां वंदना पत्नी स्व. कीर्ति प्रकाश स्कूटी से अपने कार्यालय पशुपालन विभाग जा रही थीं। इसी दौरान छावनी स्थित जदूनाथ चौराहे के पास केकेसी कॉलेज की ओर जाने वाले मार्ग पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार संख्या UP 32 NS 0024 ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि वंदना स्कूटी समेत सड़क पर जा गिरीं। हादसे में उनके हाथ और कंधे में फ्रैक्चर हो गया तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि घायल वंदना सड़क पर दर्द से कराहते हुए कार चला रही महिला से अस्पताल पहुंचाने की मिन्नतें करती रहीं, लेकिन महिला चालक उन्हें मौके पर ही छोड़कर कार लेकर फरार हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम और घायल महिला के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद घायल वंदना को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हाथ और कंधे की चोट को गंभीर बताते हुए सर्जरी की सलाह दी।
इलाज के बाद घायल महिला की बेटी कृतिका प्रकाश ने रविवार को आलमबाग थाने में लिखित तहरीर देकर कार चालक महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि कार चला रही महिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
