लखनऊ :
प्लॉट के नाम पर ठगी करने वाला कंपनी डायरेक्टर गिरफ्तार, भेजा गया जेल।।
आशियाना पुलिस ने गृह जनपद से दबोचा, छह लोगों से 3.72 लाख रुपये हड़पने का आरोप।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना आशियाना क्षेत्र एलडीए की मानसरोवर योजना में कंपनी खोलकर प्लॉट दिलाने के नाम पर लोगों से कथित ठगी करने के मामले में फरार चल रहे कंपनी डायरेक्टर को आशियाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को उसके गृह जनपद से गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विस्तार:
प्रभारी निरीक्षक आशियाना गजेंद्र कुमार राय के अनुसार, बिहार के सीवान जिले निवासी अंकित सिंह पुत्र गिरिवर सिंह ने अगस्त 2025 में छह लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में प्लॉट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर कुल 3 लाख 72 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रमोद कुमार उपाध्याय, विनोद कुमार उपाध्याय, प्रभात कुमार उपाध्याय, तीनों पुत्र हरिद्वार प्रसाद उपाध्याय, ओमकारनाथ पांडेय पुत्र कृष्णानंद पांडेय निवासी राजागांव खरौनी, थाना बांसडीह, बलिया, शशांक सोती पुत्र वीके सोती निवासी एकता बिहार, एल्डिको उद्यान प्रथम, बंगला बाजार, आशियाना तथा प्रदीप तिवारी पुत्र राजेंद्र तिवारी निवासी रुचिखंड-2, शारदानगर, थाना आशियाना के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने मुकदमे में नामजद तीन आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच आगे बढ़ने पर मदनराम पुत्र विश्वनाथ राम, निवासी राजागांव खरौनी, थाना बांसडीह, जनपद बलिया का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक, मदनराम संबंधित कंपनी का डायरेक्टर था और कथित धोखाधड़ी में उसकी प्रमुख भूमिका सामने आई।
नाम प्रकाश में आने के बाद विवेचना के दौरान आरोपी मदनराम की मुकदमे में नामजदगी बढ़ाई गई। इसके बाद आशियाना पुलिस टीम ने आरोपी को उसके गृह जनपद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी डायरेक्टर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
