लखनऊ :
पीएनजी गैस के नाम पर की लाखों की ठगी,झांसे में लेकर बैंक खाते से उड़ाए 1 लाख 45 हजार,।।
दो टूक : लखनऊ के थाना आशियाना क्षेत्र अंतर्गत एलडीए कॉलोनी शारदा नगर योजना स्थित रुचि खंड दो में रहने वाले बैंक खाता धारक को साइबर जालसाजों ने पीएनजी गैस कर्मचारी बन फोन किया और झांसे में लेकर पीड़ित के खाते से लाखों की नगदी ट्रांसफर कर ली । मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करा रविवार स्थानीय थाने में लिखित तहरीर दी । पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस अग्रिम कार्यवाही में जुटी है ।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना आशियाना क्षेत्र अंतर्गत एलडीए कॉलोनी शारदा नगर योजना के रुचिखंड-दो में रहने वाले रमेश कुमार सक्सेना पुत्र हरगोविंद सक्सेना की माने तो बीते 9 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे उनके मोबाइल फोन पर अज्ञात नम्बर से कॉल आई । कॉलर ने खुद को पीएनजी गैस का कर्मचारी बता कनेक्शन चालू रखने के लिए 13 रुपये ट्रांसफर करा आगे की प्रक्रिया पूरी करने की बात कही । जालसाजों के झांसे में आए पीड़ित ने जैसे ही प्रक्रिया पूरी की साइबर ठगों ने उनके खाते से चार बार में लगभग 1 लाख 45 हजार रुपये निकाल लिए । खुद के साथ ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करा 70 हजार रुपये होल्ड करा रविवार स्थानीय आशियाना थाने में लिखित तहरीर दी । पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है ।
