लखनऊ :
सुशांत गोल्फ सिटी में दिनदहाड़े अधिवक्ता से पर्स लूट,आटो चालक और साथी पर आरोप।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में ऑटो सवार एक अधिवक्ता से पर्स लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता के मुताबिक ऑटो चालक और उसके साथ बैठे एक अन्य व्यक्ति ने विवाद के दौरान उनका पर्स निकाल लिया और दोनों ऑटो लेकर फरार हो गए। पर्स में करीब नौ हजार रुपये के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज और दो एटीएम कार्ड बताए गए हैं। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस स्टेशन मे घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
विस्तार:
मिली जानकारी के अनुसार अधिवक्ता रामदेव सिंह, निवासी विजयंतखंड गोमतीनगर ने थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 सितंबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे वह मेदांता अस्पताल से अपनी मेडिकल रिपोर्ट और व्यय बाउचर पर काउंटर साइन कराने के बाद अंडरपास से ऑटो में सवार हुए थे। ऑटो में पहले से एक व्यक्ति बैठा था, जो चालक से बातचीत कर रहा था।
आरोप है कि रास्ते में ऑटो में बैठे व्यक्ति ने बार-बार अधिवक्ता की ओर थूका। विरोध करने पर चालक और उसके साथी ने उनसे विवाद शुरू कर दिया और ऑटो से उतरने के लिए कहा। अधिवक्ता ने बीच रास्ते उतरने से मना किया। इसी दौरान आरोपित साथी ने कथित तौर पर उनका पर्स निकाल लिया और दोनों ऑटो लेकर फरार हो गए।
घटना के दौरान हड़बड़ी में अधिवक्ता ऑटो का नंबर नोट नहीं कर सके। उनके मुताबिक पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड, अधिवक्ता कार्ड, एसबीआई के दो एटीएम कार्ड और करीब 9 हजार रुपये नकद थे।
पीड़ित ने इसे दिनदहाड़े लूट की घटना बताते हुए सुशांत गोल्फ सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)