लखनऊ :
बाउंसर ने सुपरवाइजर का सिर दीवार में दे मारा, गाली-गलौज के बाद जमकर पीटा,केस दर्ज।।
दो टूक : लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में ड्यूटी को लेकर हुए विवाद में एक बाउंसर पर कंपनी के सलाहकार से मारपीट करने और सिर दीवार में लड़ाने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार तुलसीयानी कंस्ट्रक्शन कंपनी में सलाहकार के पद पर कार्यरत मनीष कुमार दुबे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 सितंबर को वह अपने कार्यालय पहुंचे थे। वहां कंपनी में बाउंसर के तौर पर तैनात अमित कुमार मौजूद था। मनीष ने उससे ड्यूटी पर नहीं होने के बारे में पूछा और गेट पर जाकर ड्यूटी करने के लिए कहा।
आरोप है कि इसी बात पर अमित कुमार ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मनीष के साथ मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने उनका सिर पकड़कर दीवार में दे मारा, जिससे उनके सिर में चोट आई। शोर सुनकर आशीष समेत कार्यालय के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। मनीष ने पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है।
