लखनऊ :
महिला डॉक्टर ने मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव पर दर्ज कराई रिपोर्ट,रात में अश्लील मैसेज-वीडियो भेजकर तंग करने का आरोप।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में एक महिला चिकित्सक ने एक फार्मास्युटिकल कंपनी के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव पर अश्लील फोटो-वीडियो और आपत्तिजनक संदेश भेजकर मानसिक उत्पीड़न व यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मिली शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र अर्जुनगंज मे स्थित एक निजी अस्पताल के महिला चिकित्सक के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 की रात आरोपी ने व्हाट्सऐप के जरिए उससे संपर्क किया। बातचीत शुरू में पेशेवर प्रकृति की थी, लेकिन आरोप है कि बाद में आरोपी ने बिना सहमति अश्लील एवं आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भेजने शुरू कर दिए। इसके साथ ही कथित तौर पर आपत्तिजनक और यौन संकेत वाले संदेश भी भेजे गए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी के इस व्यवहार से उसे मानसिक तनाव, भय और अपमान का सामना करना पड़ा। वह उस समय नीट-पीजी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी और घटना का उसकी मानसिक शांति एवं पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
महिला चिकित्सक ने पुलिस को उपलब्ध कराए गए व्हाट्सऐप चैट, स्क्रीनशॉट, फोटो-वीडियो और कॉल लॉग को जांच में शामिल करने का अनुरोध किया है। शिकायत में आरोपी के मोबाइल नंबर से संबंधित सीएएफ, सीडीआर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की विधि-सम्मत जांच कराने की भी मांग की गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की लागू धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
