लखनऊ :
अनियंत्रित जनरथ बस डिवाइडर से टकराई फिर धधक उठी आग,ड्राइवर-कन्डेक्टर ने कूदकर बचाई जान।।
दो टूक : लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बुद्धेश्वर-दुबग्गा मुख्य मार्ग पर भूहर पुल के पास एक जनरथ बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के करीब 2-3 मिनट बाद बस में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते बस धू-धूकर जलने लगी। हादसे के दौरान बस में चालक और परिचालक मौजूद थे, लेकिन दोनों समय रहते बस से कूदकर बाहर निकल गए। सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और फायर सर्विस को सूचना दी। फायर सर्विस की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने बस के अंदर गहनता से जांच की, लेकिन कोई व्यक्ति अथवा अन्य वस्तु नहीं मिली। पुलिस के अनुसार हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
विस्तार :
जानकारी के मुताबिक जनरथ बस संख्या UP 25 FT 9230 पारा की ओर से दुबग्गा की तरफ जा रही थी। भूहर पुल के प्रारंभ में पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल के बायीं ओर बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के कुछ ही मिनट बाद बस में आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
●चालक-परिचालक सुरक्षित, बड़ा हादसा टला।
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बस में केवल चालक और परिचालक मौजूद थे, जो आग लगने से पहले बस से सुरक्षित बाहर निकल गए। बस के अंदर किसी यात्री के होने की जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने आग बुझने के बाद बस की पूरी तलाशी ली और किसी व्यक्ति के फंसे होने की पुष्टि नहीं हुई।
घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक जांच शुरू कर दी है।
